अमेठी कस्बे में तेज धूप के बीच सड़क से गुजरती युवतियां। संवाद।
अमेठी सिटी। भीषण गर्मी और लू के प्रचंड तेवर मंगलवार को भी थमे नहीं। दोपहर होते-होते तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। गर्म हवा की गति 3.4 किमी प्रति घंटा रही, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सूरज की तपिश ने सड़कें सूनी कर दीं। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
गर्मी से बचने के लिए लोग बाजारों में सत्तू का शरबत, खीरा, ककड़ी, नारियल पानी, कोल्ड ड्रिक्स, शरबत आदि का सेवन करते नजर आए। मौसम के तल्ख तेवर से आवागमन करने वालों को और भी असुविधा हो रही है। गर्मी और लू के थपेड़ों के कारण जिला मुख्यालय में 12 बजे के बाद मुख्य बाजार, मुख्य चौराहों व सार्वजनिक जगहों पर आवाजाही कम नजर आई। 3.4 किमी की रफ्तार से गर्म हवा चलने से लोगों को चेहरा झुलस रहा था। दोपहर में गर्मी का असर चरम पर रहा। लोग सिर और चेहरा ढक कर खुद को गर्मी से बचाने का प्रयास करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में राहत के आसार नहीं हैं।
तेज धूप के साथ हुई बिजली कटौती
जिले के कई इलाकों में दिनभर बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। कहीं तकनीकी कार्य तो कहीं अघोषित कटौती के कारण लोग बिना पंखे और कूलर के दिन काटते नजर आए। हनुमानगंज सहित कई इलाकों में रातभर बिजली नहीं रही।
तिथि अधिकतम न्यूनतम (पारा डिग्री में)
6 जून- 37.5 - 24.6
7 जून- 38.5 - 25
8 जून- 40 - 25.5
9 जून- 41 - 28.5
10 जून- 42 -29