जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में मरने वाले तीनों युवकों के घरों में मातम छा गया है। अमित के घर भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने इस परिवार की खुशियां गम में बदल दी हैं।
तीनों युवक जब घर से निकले थे तो परिजनों को शायद यह गुमान तक नहीं था कि अब वह जिंदा घर वापस नहीं आएंगे। हादसे के बाद मोहनगंज क्षेत्र के शंकरपुर गांव में कोहराम मच गया। मृतक अमित के भाई किशन की 17 नवंबर को शादी होनी है। किशन की शादी अयोध्या जिले के बड़ागांव से होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। कार्ड बांटने का सिलसिला शुरू हो गया था।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार की शाम अमित कुमार अपने चचेरे भाई आकाश व रिश्तेदार राजकुमार के साथ शाम को बाइक पर सवार होकर घर से निकले थे। इन लोगों को कुछ रिश्तेदारों को शादी के कार्ड भी देने थे। शादी के कार्ड बाइक की डिकी में मिले हैं। साथ ही इन लोगों को कमरौली थाना क्षेत्र के यूपीसीडा काॅलोनी स्थित अपने रिश्तेदार रामखेलावन के यहां बर्थडे पार्टी में शामिल होना था, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही तीनों हादसे का शिकार हो गए।
मेहनत मजदूरी कर चलाते थे परिवार
हादसे का शिकार हुए चचेरे भाई अमित व आकाश मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाते थे। परिजनों के मुताबिक अमित निजी अस्पताल आदि में सफाई व अन्य काम करता था। आकाश भी मजदूरी पेशा था। राजकुमार की भी माली हालत बहुत अच्छी नहीं थी। राजकुमार हाल ही में दिल्ली से लौटा था। वह दिल्ली में काम करता था।
पापा को पुकार रहे सुमित और पीहू
हादसे का शिकार हुए अमित के घर में उसके दो लाडले बच्चे सुमित और पीहू अपने पापा को पुकार कर बिलख रहे हैं। उसकी पत्नी साधना भी बदहवास है। मां गुड़िया भी बेटे को पुकार कर रो रही है। पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। हादसे की खबर मिलने के बाद कुछ ऐसे ही हालत आकाश के घर में भी हैं। आकाश के परिवार में मां गोमती, पिता शिवकुमार व भाई दीपक, बहन आरती, अंजली व अंजू हैं। यह सभी लोग बेटे गम में डूबे हुए हैं। वहीं, राजकुमार की मां शांति व पिता छंगू पहले ही दुनिया से जा चुके हैं। इनके परिवार में भाई मनोज व विनोद हैं। बताते हैं कि राजकुमार सबसे छोटा और भाइयों का लाडला था। राजकुमार का पैतृक गांव जगदीशपुर क्षेत्र का रानीगंज है, लेकिन वह मौजूदा समय में अपनी ननिहाल सुल्तानपुर जिले के हलियापुर में रहता था। वह अमित के यहां मेहमानी में आया था। खबर मिलने के बाद उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे।