अमेठी सिटी। खुद का कारोबार शुरू करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना नई उम्मीद बनकर सामने आई है। योजना के तहत पात्र युवाओं को बिना ब्याज पांच लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा।
इसी को लेकर बृहस्पतिवार को गौरीगंज में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें 100 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। कार्यशाला में युवाओं को बताया गया कि निर्माण और सेवा क्षेत्र में उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराएगी। साथ ही ऋण की गारंटी भी सरकार स्वयं लेगी और लाभार्थियों को 10 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
जिले में वर्ष 2026-27 के लिए 1700 युवाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने कहा कि योजना का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
कार्यशाला में डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन आवेदन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 45 लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया। इस दौरान सहायक प्रबंधक राजेश कुमार भारती, विवेक मिश्र, योगेंद्र यादव और प्रधानाचार्य विवेक यादव आदि मौजूद रहे।