फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: सम्मान मिलने से खिले मेधावियों के चेहरे

Tue, 02 Jun 2026 12:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 जीजीआईसी गौरीगंज में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह के दौरान मेधावियों के साथ मौजूद अति​थि। -संवा
विज्ञापन
अमेठी सिटी। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाने वाले 21 मेधावियों के लिए सोमवार का दिन यादगार बन गया। गौरीगंज स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच पर सम्मान ग्रहण करते समय विद्यार्थियों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से दमक उठे।
विज्ञापन



समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी का संबोधन सुना। इसके बाद जिले की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 21 छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि सफलता को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन करने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि शिक्षा नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करती है। गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित तैयारी पर बल दिया। उन्होंने शैक्षिक उपलब्धियों के साथ सामाजिक और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
विज्ञापन


भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने मेहनत और लगन को सफलता का आधार बताया। सीडीओ पूजा ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने और आगे बढ़ने का संदेश दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी समेत अन्य अधिकारियों ने भी मेधावियों को शुभकामनाएं दीं। समारोह में शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


अमर उजाला ने भी किया सम्मान
समारोह में अमर उजाला की ओर से भी चयनित मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। कई अभिभावकों ने कहा कि अमर उजाला लंबे समय से शिक्षा और प्रतिभा सम्मान जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर रहा है। मेधावियों ने सम्मान के लिए अमर उजाला के प्रति आभार व्यक्त किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें