अमेठी सिटी। बोर्ड परीक्षा के नौवें दिन मंगलवार को हाईस्कूल के गृहविज्ञान समेत इंटर के कई विषयों की परीक्षा हुई। गृहविज्ञान की परीक्षा में आए आसान प्रश्नों को हल करने में हुई आसानी केंद्र से बाहर निकले परीक्षार्थियों को चेहरे पर साफ दिखी। नौ दिन की परीक्षा संपन्न होने के बाद सचल दलों को कोई भी नकलची नहीं मिला है। विभाग का दावा है कि जिले में परीक्षा सुचिता पूर्ण ढ़ंग से संपन्न हो रही है।
बोर्ड परीक्षा के नौ दिन हाईस्कूल के गृहविज्ञान बालिका वर्ग में पंजीकृत 93 सौ परीक्षार्थियों में 8898 शामिल हुई तो 402 ने परीक्षा छोड़ दी। बालक वर्ग में पंजीकृत 532 में सात ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर के रेडियो, टेलीविजन में पंजीकृत 99 में 98 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परिधान रचना व साज सज्जा में पंजीकृत नौ में सभी ने परीक्षा दी। फल एवं खाद्य संरक्षण में पंजीकृत 47 में एक ने परीक्षा छोड़ दी। ऑटोमोबाइल में पंजीकृत 39 में तीन परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। फसल सुरक्षा सेवा, पुस्तकालय में एक-एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, जो परीक्षा में शामिल हुए।
टंकण हिंदी व अंग्रेजी में पंजीकृत 18 में सभी परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। रंगीन फोटोग्राफी में पंजीकृत 21 में 18 परीक्षा में शामिल हुए। आशुलिपि टंकण में पंजीकृत 94 में 92 परीक्षार्थी शामिल हुए। एनटीटी में पंजीकृत 113 में पांच ने परीक्षा से किनारा कर लिया। नौ दिन में प्रशासन बोर्ड परीक्षाओं में केंद्रों की निगरानी के लिए गठित किए गए सचल दल परीक्षा केंद्रों पर चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई नकलची नहीं मिला। वहीं छात्राओं का कहना था कि गृह विज्ञान का पेपर सरल होने के चलते उनके सभी प्रश्न हल हो गए।
परीक्षा की नियमित हो रही निगरानी
जिले में 83 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा नकल विहीन संपन्न हो रही है। किसी भी केंद्र पर परीक्षा की सुचिता प्रभावित होने से जुड़ा अब तक कोई मामला प्रकाश में नहीं आया है। संपूर्ण परीक्षा की निगरानी नियमित हो रही है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता में शामिल है।
रीता सिंह, डीआईओएस