जामो थाने में पकड़ा गया राइसमिल संचालक का 3.50 रुपये गायब करने वाला आरोपी चालक ऋषि यादव।
अमेठी सिटी। राइस मिल संचालक की कार से 3.50 लाख रुपये की चोरी की घटना का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे में कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले चालक को गिरफ्तार कर पुलिस ने रुपये भी बरामद कर लिए हैं। चालक द्वारा चोरी करने की बात को स्वीकार करने के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
जामो थाना क्षेत्र के नंदमहर मजरे नदियावां गांव निवासी राइस मिल संचालक आदित्य मिश्र बृहस्पतिवार को कार चालक मुंशीगंज थाना क्षेत्र के उसरापुर गांव निवासी ऋषि यादव संग कमरौली से उधार के 3.5 लाख रुपये लेकर अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचे। रुपये कार के डैशबोर्ड में रखकर आदित्य राइस मिल में चले गए। कुछ देर बाद चालक ने बताया था कि कोई गाड़ी का शीशा तोड़ कर डैश बोर्ड में रखे रुपये लेकर गायब हो गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य माध्यमों से जांच शुरू की। इसी दौरान चारदीवारी के पास पुलिस ने एक लाख रुपये बरामद किए।
चालक ऋषि की बातों पर शक होने पर आदित्य ने नामजद केस दर्ज करवाया। इसी बीच चालक ऋषि भी गायब हो गया। पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा जन सुविधा केंद्र नंदमहर के पास शुक्रवार सुबह ऋषि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ऋषि ने रुपये गायब करने की बात स्वीकार की। बताया कि एक लाख रुपये चुराकर गाड़ी के आगे कुछ दूरी पर फेंक दिए थे और उनमें से कुछ रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा जन सुविधा केंद्र के पीछे ईंट के नीचे छिपाकर कर रख दिए थे। इसके बाद पुलिस ऋषि को लेकर मौके पर पहुंची तो ढाई लाख रुपये बरामद किए।
एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि ऋषि की निशानदेही पर रुपये बरामद होने व आरोप स्वीकार करने के बाद चालान कोर्ट को भेजते हुए कार्रवाई की जा रही है।