संग्रामपुर स्थित कालिकन धाम में दर्शन करते श्रद्धालु। -संवाद
अमेठी सिटी। अधिमास के तीसरे सोमवार को प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। गौरीगंज के राघीपुर स्थित दुर्गन भवानी धाम, अमेठी के देवीपाटन मंदिर, संग्रामपुर के कालिकन धाम और सिंहपुर के अहोरवा भवानी धाम में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
मंदिर परिसर में गूंजते जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। दुर्गन भवानी धाम में भक्तों ने माता के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने चुनरी, नारियल और टिकरी अर्पित कर मनोकामनाएं मांगीं। परिसर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की।
कालिकन धाम में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। महिलाओं ने चुनरी और नारियल अर्पित कर परिवार के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में लगे मेले में पूजन सामग्री, प्रसाद, खिलौने और प्रसाधन सामग्री की दुकानों पर भीड़ रही। मंदिर के पुजारी अभिषेक शास्त्री ने बताया कि अधिमास में मां भगवती की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। अहोरवा भवानी धाम में भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और मंगल की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा।