फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: गांव पहुंचा युवक का शव, परिजनों ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाने के दुर्गापुर-अमेठी मार्ग पर नरवहनपुर गांव के पास से गुजरने वाले शारदा सहायक खंड 49 पर स्थित महराजीपुर पुल में डूब कर युवक की मौत के मामले में दूसरे दिन परिजनों व ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस पर केस दर्ज नहीं करने समेत कई आरोप लगाए। परिजन जब नहीं माने तो पुलिस ने चार के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। केस दर्ज होने के बाद परिजन व ग्रामीणों का आक्रोश समाप्त हुआ।
विज्ञापन

पीपरपुर थानाक्षेत्र के चंदापुर मजरे गुडुरी गांव निवासी इंद्रकांत उपाध्याय (18) रविवार को ई-रिक्शा से भाई सूर्यकांत को लेने दुर्गापुर चौराहे आया था। वापस पर रानी अमिता सिंह इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों ने ई-रिक्शा रुकवा कर इंद्रकांत की पिटाई कर बगल से गुजर रही नहर में धक्का दे दिया था। इंद्रकांत को डूबता देख सभी लोग मौके से फरार हो गए थे।
एसडीएम प्रीति तिवारी व एसओ संदीप राय की मौजूदगी में काफी देर बाद नहर से इंद्रकांत का शव बरामद हुआ था। लेकिन भाई सूर्यकांत की तहरीर के बावजूद पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचा तो केस दर्ज न होने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर सीओ लल्लन सिंह, अमेठी एसएचओ अरुण कुमार द्विवेदी, मुंंशीगंज एसएचओ अंखड देव मिश्र, रामगंज प्रभारी के साथ बड़ी संख्या में फोर्स लेकर गांव पहुंचे।
विज्ञापन

परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन एसओ पीपरपुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की जिद पर अड़ गए। परिजनों का विरोध बढ़ता देख पुलिस ने सूर्यकांत की तहरीर पर नीतिश सिंह, सौरभ सिंह, सुभाष विश्वकर्मा व अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर काॅपी दी तो आक्रोश समाप्त हुआ। इसके बाद परिजनों ने गांव स्थित बाग में अंतिम संस्कार किया तो प्रशासन ने राहत की सांस ली।



मां अस्पताल में बेटा का अंतिम संस्कार
भादर (अमेठी)। गरीबी का दंश झेल रहे हरिकांत उपाध्याय के दो बेटों में सूर्यकांत बड़ा है व इंद्रकांत छोटा था। दोनों अविवाहित थे। गरीबी की वजह से बड़ा बेटा रोजी रोटी के लिए बाहर रहता है। छोटा बेटा घर पर रहकर पिता के साथ खेती बारी में हिस्सा बंटाता था। मृतक की मां अस्वस्थ होने की वजह से सुल्तानपुर जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मां अखिलेश देवी छोटे बेटे का अंतिम दर्शन तक नहीं कर पाईं।

एसओ ने छीन लिया मोबाइल
मृतक इंद्रकांत के भाई सूर्यकांत ने एसओ पर केस दर्ज करने की मांग पर मार-पीट करते हुए अभद्रता करने तथा मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। सूर्यकांत ने कहा कि एसओ विरोधियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं तो पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित कर रहे हैं।

आरोप निराधार : एएसपी
एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजन मार्ग जाम करने की कोशिश कर रहे थे। जिस पर उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया गया है। भाई की तहरीर पर चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भाई की ओर से लगाए सभी आरोप निराधार व गलत हैं। सीओ की मौजूदगी में परिजनों को समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार कराया गया है। दर्ज केस की जांच हो रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें