गौरीगंज शहर स्थित गोविंद गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। -संवाद
अमेठी सिटी। रसोई गैस का संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आपूर्ति सामान्य होने के दावों के बीच जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक उपभोक्ता गैस सिलिंडर के लिए भटक रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसियों पर पहुंचने पर भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिलती, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ रही है। गौरीगंज स्थित गोविंद गैस एजेंसी पहुंचे शशिकांत ने बताया कि लगातार प्रयास के बाद भी गैस नहीं मिल पा रही है। नफीस अहमद का कहना है कि लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर मिलने की कोई निश्चितता नहीं रहती। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मियों के बीच कहासुनी की स्थिति भी बन रही है।
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर
अमित यादव ने बताया कि तीन दिन पहले बुकिंग कराने के बावजूद अब तक गैस नहीं मिली। हर बार एजेंसी जाने पर केवल इंतजार करने को कहा जाता है। रीना देवी का कहना है कि छोटे बच्चों के साथ लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे काफी दिक्कत होती है। कई बार वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ते हैं। सलीम खान ने बताया कि सुबह से लाइन में खड़े रहने के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पाया और खाली हाथ लौटना पड़ा। रामविलास ने कहा कि कामधाम छोड़कर गांव से शहर आना पड़ता है, लेकिन यहां भी राहत नहीं मिलती।