अमेठी सिटी। शारदीय नवरात्र पर माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। जम्मूतवी जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस में रविवार को वेटिंग की संख्या सौ से ऊपर पहुंच गई। यात्री तत्काल श्रेणी में आरक्षण पाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वहां भी सीट मिलने की संभावना बेहद कम रह गई है।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर जम्मूतवी के लिए केवल राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस ही अमेठी से सप्ताह में दो दिन गुजरती है। मंगलवार और शनिवार को चलने वाली यही ट्रेन यात्रियों का मुख्य सहारा है। इसके अतिरिक्त इस मार्ग पर जम्मू के लिए कोई अन्य नियमित सेवा उपलब्ध नहीं है। रेलवे समय-समय पर स्पेशल ट्रेनें अवश्य चलाता है, किंतु इस अवधि में उनकी घोषणा न होने से श्रद्धालुओं को कठिनाई हो रही है।
रविवार को गौरीगंज स्टेशन पर रमईपुर निवासी सुनील कुमार और अत्तानगर निवासी अर्पण कुमार ने बताया कि परिवार सहित यात्रा की योजना बनाई थी। साधारण आरक्षण में सफलता न मिलने पर तत्काल टिकट का सहारा लिया, लेकिन वहां भी प्रयास असफल रहा। उन्होंने कहा कि एक दिन और कोशिश करेंगे, अन्यथा सामान्य कोच में सफर कर किसी तरह माता के दर्शन करेंगे। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि नियमित आरक्षण पहले से कराए जाने के कारण सीटें भरी हुई हैं। हर दिन तत्काल श्रेणी के टिकट जारी हो रहे हैं, परंतु मांग अधिक और पूर्व बुकिंग की संख्या ज्यादा होने से कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।