अमेठी सिटी। जगदीशपुर इलाके में जायस मार्ग पर 22 जुलाई को ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की चाकुओं से गोदकर हुई लूट की वारदात का बृहस्पतिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो युवकों व एक बालपचारी सहित तीन लोगों को दबोचा है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई करीब एक लाख 42 हजार कैश, दो कारें, मोबाइल, बाइक आदि बरामद किया है। हालांकि अभी तक पुलिस मुख्य आरोपी अनिल मिश्रा को नहीं पकड़ सकी है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द पकड़ा जाएगा।
जामो थाना क्षेत्र के पूरे पराग पांडेय डीघा गोपालपुर निवासी ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सर्वेश कुमार शुक्ला को 22 जुलाई को कार सवार बदमाशों ने जगदीशपुर जायस मार्ग पर महमूदपुर के पास चाकुओं से हमला कर जख्मी करने के बाद 3.80 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस ने एक परिचित अनिल मिश्र सहित दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया था।
आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार ने भी मौके पर जांच कर जांच की थी। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार को हाईवे से निकलने वाले जामो मोड़ के पास बाइक और कार में सवार मौजूद कुछ संदिग्धों को घेर कर दबोच लिया। पकड़े गए लोगों में जगदीशपुर थाने के पूरे दुंदा गांव निवासी देवराज व सुल्तानपुर के करौंदीकला थाने के पटना पवारा गांव निवासी शुभम मिश्र के रूप में हुई है। इसके साथ ही इन लोगों के साथ एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने इनके पास से 1.42 लाख रुपये, स्मार्ट वाच, ब्लू टूथ, मोबाइल, इयर फोन, घटना में प्रयुक्त कार व फरार होने में इस्तेमाल होने वाली अन्य कार, एक बाइक बरामद की है।। पुलिस के मुताबिक आरोपी देवराज और बाल अपचारी ने बताया कि सर्वेश शुक्ल की हत्या कर पैसे को लूटने की योजना बनाई थी।
पुलिस सुरक्षा में लिया गया बाल अपचारी मुख्य आरोपी अनिल मिश्र का भांजा है। उसी ने शुभम के साथ मिलकर वारदात के बाद आरोपियों को भागने में मदद की थी। एसपी अनूप सिंह ने बताया कि लूटकांड का मुख्य आरोपी अनिल फरार है। उसको भी जल्द पकड़ा जाएगा।