गौरीगंज (अमेठी)। नगर पालिका परिषद गौरीगंज के वार्ड संख्या-दो (सुभावतपुर) से सभासद प्रत्याशी रहीं रेखा देवी ने आईजीआरएस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत कर मतपेटिका में धांधली व हेराफेरी का आरोप लगाया है। रेखा देवी ने कहा कि मतदान के बाद पीठासीन अधिकारी ने 674 मत पड़े होने की बात कहते हुए पेटिका सील की थी। इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी हुई थी।
शनिवार को गणना के दौरान मतपेटिका में 690 मत पत्र मिले हैं। आरोप है कि मतगणना के दौरान या मतपेटिका काउंटिंग स्थल पर लाने से पहले उसमें हेरफेर की गई। रेखा ने जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। (संवाद)
सपा विधायक ने नव निर्वाचितों को दी बधाई
गौरीगंज (अमेठी)। गौरीगंज के सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह ने अमेठी जिले के सभी निकायों के निर्वाचित अध्यक्षों व वार्ड सभासदों को अपने साथ समाजवादी पार्टी की ओर से बधाई दी है। विधायक ने एक वीडियो संदेश जारी कर सभी को भरोसा दिया है कि वे क्षेत्र के विकास में सभी अध्यक्षों व सभासदों के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। (संवाद)