बाजारशुकुल। धनेशा राजपूत में बस स्टॉप के लिए भूमि चिह्नित होने और जनता बस सेवा की घोषणा के बाद भी बाजारशुकुल क्षेत्र के लोगों को परिवहन निगम की नियमित बस सेवा नहीं मिल सकी है। नतीजतन क्षेत्रवासियों को जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए निजी और प्राइवेट वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
एक जुलाई 2010 को अमेठी जिले के गठन के बाद से ही बाजारशुकुल क्षेत्र को रोडवेज बस सुविधा का इंतजार है। करीब एक वर्ष पूर्व धनेशा राजपूत में बस स्टॉप निर्माण के लिए भूमि चिह्नित होने पर लोगों को लगा कि अब रोडवेज बस सेवा की शुरुआत होगी। इसके बाद जनता बस सेवा शुरू होने की घोषणा से उम्मीद और मजबूत हुई, मगर यह सेवा भी कस्बे तक नहीं पहुंच सकी।
ग्रामीण देवीदयाल शर्मा का कहना है कि जिला बने वर्षों बीत चुके हैं, मगर आज तक रोडवेज बस का संचालन शुरू नहीं हो सका। सोनू अंसारी ने बताया कि निजी वाहनों में मनमाना किराया लिया जाता है।
अयोध्या और बाराबंकी जिलों की सीमा से सटे होने के बावजूद बाजारशुकुल क्षेत्र परिवहन सुविधा से पिछड़ा हुआ है। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि सभी कस्बों को जिला मुख्यालय से जोड़ने की योजना तैयार की गई है।
डिपो को मिनी बस मिलने की संभावना है। बस उपलब्ध होते ही कस्बों से मुख्यालय तक संचालन शुरू किया जाएगा। बस स्टॉप निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।