शाहगढ़। प्रयागराज में गंगा में डूबे किटियावां निवासी शुभम (19) का शव 48 घंटे बाद सोमवार देर रात बरामद हो गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गंगा घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
शुभम और मुंशीगंज के कालूमिश्र का पुरवा निवासी आयुष तिवारी प्रयागराज के शिवकुटी में कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। होली के बाद दोनों प्रयागराज लौटे थे। शनिवार को फाफामऊ के पास गंगा में स्नान के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। परिजन शनिवार शाम ही प्रयागराज पहुंच गए और तलाश शुरू की। रविवार को आयुष का शव मिल गया था, जबकि शुभम की खोज गोताखोर और एनडीआरएफ टीम लगातार कर रही थी। सोमवार देर रात शिवकुटी क्षेत्र में शुभम का शव भी मिल गया।
शुभम का शव मिलने के बाद मां रानी, बहनें प्रीति, शिल्पी, पुष्पा, हिमांशी समेत परिजन प्रयागराज पहुंचे। गांव में दादी गयादेई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पहुंचने वाले रिश्तेदारों को देख महिलाएं शुभम को याद कर बिलखती रहीं।