संग्रामपुर (अमेठी)। गूजीपुर गांव निवासी भगौतीदीन (85) का शव सोमवार सुबह लखनऊ-वाराणसी रेलवे ट्रैक पर सहजीपुर हॉल्ट के पास पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देख मामले की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शिवराम ने बताया कि पिता भगौतीदीन रविवार रात भोजन करने के बाद बरामदे में सो रहे थे, लेकिन रात करीब 10 बजे उनके बिस्तर पर नहीं होने की जानकारी मिली। इसके बाद खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला। सुबह पिता का शव ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना मिली। परिजनों ने बताया कि भगौतीदीन मनोरोगी थे और उनका उपचार चल रहा था। पहले भी कई बार अकेले निकल जाते थे, लेकिन बाद में थोड़ी देर बाद लौट आते थे।
रात में वह कब निकले और रेल ट्रैक तक कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है। उपनिरीक्षक रामप्रकाश यादव ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत होना प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। यदि परिजन तहरीर देते हैं तो केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।