संग्रामपुर (अमेठी)। भावलपुर गांव निवासी नितिन कोरी (19) का शव संदिग्ध हालात में बृहस्पतिवार शाम गांव के बाहर मुर्गी फार्म के पास मिला। प्रारंभिक जांच में बीमारी से मौत की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नितिन कोरी दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन नितिन का कोई पता नहीं चला। देर शाम गांव के बाहर स्थित मुर्गी फार्म के पास उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक के पिता गिरऊ वर्तमान में चंडीगढ़ में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने पर वह घर के लिए रवाना हो गए हैं। परिजनों ने किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है और अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। कोतवाल बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि टीकरमाफी चौकी प्रभारी को मौके पर भेजा गया था। शव की स्थिति और मौके की परिस्थितियों को देखते हुए बीमारी से मौत की आशंका जताई जा रही है। परिजन भी युवक की बीमारी से अवगत थे। फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। यदि परिजन कोई तहरीर देते है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।