कमरौली। हरदोई के कबीरन का पुरवा गांव निवासी मंजेश कुमार (20) का शव रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में औद्योगिक क्षेत्र स्थित मुर्गी दाना कंपनी के पास कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मनीष कुमार ने बताया कि उनका भाई मंजेश कुमार मुर्गी दाना कंपनी में काम करता था और कंपनी के पास ही किराये के कमरे में रहता था। उसी गांव के विमलेश, कुलदीप और पिंटू उसके पड़ोस में रहते हैं। रविवार शाम भोजन बनाने के बाद वे मंजेश को बुलाने गए। काफी देर तक आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो अंदर झांककर देखा। वह कमरे में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी तत्काल मकान मालिक और परिजनों को दी गई। मनीष कुमार ने बताया कि वह दूसरी फैक्टरी में काम करता है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई। एसओ मुकेश पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही मां संजीप देवी और पिता नरेंद्र कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हरदोई से कमरौली के लिए रवाना हो गए हैं। युवक की अचानक मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।