अमेठी। शहर के राजर्षि तिराहे पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ गए रिटायर्ड कर्मी का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाज ने 28 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए। मोबाइल पर मेसेज आने के बाद पीड़ित के होश उड़ गए। थाने पहुंचे पीड़ित ने मामले की तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शहर के चाणक्यपुरी मोहल्ला निवासी छोटे लाल गुप्ता रविवार सुबह शहर के राजर्षि तिराहा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम बूथ पर पैसा निकालने गए। वह विकास विभाग से रिटायर्ड कर्मी हैं। आरोप है कि एटीएम में करेंसी न होने के चलते पैसा नहीं निकल रहा था।
तभी पीछे खड़े एक युवक ने जबरन सहयोग करने की बात कहते हुए उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। पैसा नहीं निकला तो छोटे लाल रेलवे स्टेशन रोड स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर गए। इसी बीच उनके मोबाइल पर कारपोरेशन बैंक एटीएम से दो शिफ्ट में 20 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया।
थोड़ी ही देर बाद एक पेट्रोल पंप से आठ हजार दो सौ रुपये का तेल भराने पर पैसा कटने का मेसेज आया। 28 हजार रुपये खाते से निकलने के बाद पीड़ित के होश उड़ गए। थाने पहुंचे पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर के एटीएम व बैंकों के आसपास चेकिंग कराई लेकिन एटीएम कार्ड बदलने वाला युवक नहीं मिल सका।