संवाद न्यूज एजेंसी गौरीगंज (अमेठी)। नगर निकाय चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद जहां विजेताओं के घर उल्लास का माहौल है वहीं रनर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ कारणों की समीक्षा करने में जुटे हैं।
नगर पालिका परिषद गौरीगंज व जायस तथा नगर पंचायत अमेठी व मुसाफिरखाना में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए किस्मत आजमाने वाले प्रत्याशियों के घरों व कार्यालयों का माहौल मतगणना के बाद बदला हुआ नजर आया। रविवार को अमर उजाला टीम गौरीगंज नगर पालिका परिषद से जीत दर्ज करने वाली भाजपा प्रत्याशी के घर पचेहरी पहुंची तो माहौल कुछ अलग दिखा। यहां बड़ी संख्या में लोग नव निर्वाचित चेयरमैन रश्मि सिंह व उनके पति दीपक सिंह को बधाई देने पहुंचे थे।
रश्मि भी थकान के बावजूद समर्थकों के साथ बैठकर उनकी आवभगत करती दिखीं। उनके पति दीपक सिंह अपने खास साथी पूरन सिंह व उदय प्रताप सिंह उर्फ उद्दे के साथ लोगों से मिलकर बधाई लेने व देने में जुटे रहे।
गौरीगंज नपा. की रनर सपा प्रत्याशी रहीं तारा देवी घर पर थकान दूर करती रहीं तो उनके पति केडी सरोज समर्थकों के साथ हार के कारणों की समीक्षा करने में जुटे रहे। कमोवेश यही हाल कांग्रेस प्रत्याशी अरुण कुमार मिश्र व बसपा प्रत्याशी रामादेवी समेत सभी दलीय व निर्दल प्रत्याशियों के घरों व कार्यालयों का रहा। अधिकांश प्रत्याशी घर में रहे और किसी से भी मिलने जुलने से बचते रहे। इसी तरह नव निर्वाचित सभासदों के घर भी बधाई देने वालों का ताता लगा रहा।