शाहगढ़ (अमेठी)। नामित संस्था की लापरवाही से ड्रेन के पुल का निर्माण अधर में है। इस वजह से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माधवपुर-शाहगढ़-हरदोइया मार्ग पर जुड़ियापुर के पास ड्रेन पर संगई बाबा का पुल का नवनिर्माण दो माह से हो रहा है। कार्यदायी संस्था के लचर रवैये से पुल के निर्माण कार्य की प्रगति धीमी है। शुक्रवार से हो रही बारिश से पुल के साथ निर्मित वैकल्पिक मार्ग पानी में डूब गया है। इससे राहगीरों का आवागमन बंद होने से आठ किलोमीटर अतिरिक्त चलना पड़ रहा है। क्षेत्र के जुड़ियापुर, बंजारा, महिमापुर से ब्लाॅक मुख्यालय, सीएचसी, बैंक, पशु चिकित्सालय जाने में असुविधा हो रही है।
कौहार, राजापुर, फरहदिया, जगदीशवापुर, गौतम का पुरवा, लादी का पुरवा, हालपुर, रामगंज, कौहारमल, देवार देवकली से माधवपुर और गढ़ाधाम स्थित मंदिर पर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण अंकित पांडेय, जमुना प्रसाद पांडेय, प्रधान प्रतिनिधि राम भवन पाल, राम प्रताप फौजी, पूर्व मंडल अध्यक्ष घीसन मिश्रा, राम मटियारी, पूर्व प्रधान रामफल प्रजापति ने पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने और अस्थायी रास्ता चालू करने की मांग की है।