डामरीकरण के लिए प्रस्तावित आदिलपुर मार्ग। संवाद
तिलोई। अयोध्या-रायबरेली हाईवे स्थित शंकरगंज कस्बे में पेट्रोल पंप के सामने से जगदीशपुर ब्लॉक की सीमा तक जाने वाला आदिलपुर कच्चा मार्ग अब पक्का होगा। तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। इस पर 2.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पक्की सड़क बनने से आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
यह मार्ग तिलोई और जगदीशपुर ब्लॉक की सीमा को जोड़ता है। अभी कच्ची सड़क होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। मार्ग पक्का होने से शंकरगंज, छतहुआ, पूरे मठिया, बहादुरगंज, पूरे दान वैश्य और आदिलपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। छतहुआ गांव निवासी संजय सिंह ने बताया कि कच्चा मार्ग होने से आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क बनने से समय बचेगा और आवागमन आसान होगा।
जमुरवा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि दो ब्लॉकों की सीमा को जोड़ने वाले इस मार्ग की लंबे समय से जरूरत थी। इसके निर्माण से कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। सूर्यमणि ओझा ने बताया कि अभी लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पक्की सड़क बनने से सीधा रास्ता मिलेगा और परेशानी दूर होगी।
मेढ़ौना गांव निवासी अजय सिंह ने कहा कि पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और आसपास के गांवों का संपर्क बेहतर होगा। इसी गांव के अजीत सिंह ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों के लिए उपयोगी है। निर्माण की मंजूरी मिलने से ग्रामीणों की पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि आदिलपुर मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।