गौरीगंज शहर में सांसद किशोरी लाल शर्मा को ज्ञापन सौंपते शिक्षक। स्त्रोत : संगठन
अमेठी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की संयुक्त कार्य समिति के निर्णय के तहत रविवार को शिक्षक प्रतिनिधि मंडल ने सांसद किशोरी लाल शर्मा को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें वर्ष 2011 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से छूट देने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र और मंत्री अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षक सांसद से मिले। प्रतिनिधियों ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के हालिया निर्णय से पुराने शिक्षक आहत हैं। वर्षों से सेवा दे रहे इन शिक्षकों को अब अपने भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है। उनका कहना है कि बिना कारण टीईटी का बोझ डालना उचित नहीं है।
सांसद किशोरी लाल शर्मा ने शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि उनका ज्ञापन प्रधानमंत्री को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अवसर मिलने पर इस मुद्दे को संसद में उठाया जाएगा, ताकि शिक्षकों की मांग पर गंभीरता से विचार हो सके। इस अवसर पर शशांक शुक्ल, राजेश कुमार गुप्ता, वीरेंद्र कुमार यादव, रामललन द्विवेदी, गंगाधर शुक्ल सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।