फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: 39 डिग्री पहुंचा पारा, गर्मी ने किया बेहाल

Mon, 07 Apr 2025 12:46 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
अमेठी सिटी। अप्रैल में ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर में तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। जो लोग बाहर निकले, उन्हें भी गर्मी से बचाव के लिए गमछा से सिर को ढककर चलना पड़ा। तेज धूप के चलते दोपहर दो से तीन बजे के बीच बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
विज्ञापन



गर्मी और धूप से खेतों में बोई गई जायद की फसलें भी सूख रही हैं। फसलों को गर्मी से बचाने के लिए किसानों को निजी संसाधनों से जल्दी-जल्दी सिंचाई करनी पड़ रही है। इससे उन पर आर्थिक बोझ अधिक पड़ रहा है। इसके साथ खेतों में तैयार गेहूं फसल की कटाई करवाने में भी किसानों को गर्मी व धूप की परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। किसान गंगादीन व राम कृपाल ने बताया कि अब सुबह जल्दी और शाम को ही खेतों में काम करने को मजबूर हैं।


राजगढ़ के रहने वाले कृषक राम प्रसाद ने बताया कि जायद सीजन में सब्जी की खेती की है। पानी की कमी और तेज गर्मी से फसलों में मुरझाने की स्थिति बन रही है। इधर, तेज धूप, गर्म हवा से बेहाल राहगीर पानी की तलाश में भटकते रहे। दोपहर में वाटर कूलरों व हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लगी रही। धूप के चलते वाटर कूलरों से गर्म पानी निकलने से लोगोंं ने दुकानों से बोतल बंद पानी खरीद कर प्यास बुझाई। गन्ने के रस, नींबू पानी, लस्सी व शीतल पेय की भी बिक्री हुई।
विज्ञापन



तेज धूप में न निकलें बाहर
सेहत पर भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। डॉक्टरों ने विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि अधिक तापमान में शरीर का पानी तेजी से कम होता है, जिससे थकावट, चक्कर और बेहोशी जैसी समस्या हो सकती है। उन्होंने अधिक पानी पीने, ताजे फल खाने और ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी है।




बादल छाए रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को तापमान अधिकतम 39 डिग्री तो न्यूनतम 17 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया। मौसम में सापेक्षित आर्द्रता अधिकतम 88 व न्यूनतम 44 प्रतिशत रही। 3.3 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलीं। बताया कि आगामी 24 घंटे आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। वर्षा होने की संभावना नहीं है। हवा सामान्य गति से पश्चिमी चलने एवं औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें