गौरीगंज (अमेठी)। नगरीय निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को कर्मियों को मतपत्रों की जांच व मतपेटिका सील करने की विधि में प्रशिक्षित किया गया। जिले के नगर पालिका परिषद गौरीगंज व जायस में अध्यक्ष व 25-25 सभासद के साथ नगर पंचायत अमेठी में अध्यक्ष व 12 सभासद तथा मुसाफिरखाना में अध्यक्ष पद समेत 12 सभासद पद के लिए 11 मई को मतदान होना है।
नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को पीठासीन के बाद बृहस्पतिवार को 114 मतदान कार्मिक प्रथम को प्रशिक्षित किया गया। मास्टर ट्रेनर अजय सिंह, संजय श्रीवास्तव, मो. असलम, देवेश शर्मा, संजय वर्मा, संदीप सिंह तथा प्रदीप श्रीवास्तव ने प्रोजेक्टर के माध्यम से मतदान कार्मिकों के उनके कर्तव्य व दायित्व के विषय में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने पोलिंग पार्टी रवानगी के समय मतपेटी को चेक करने के साथ आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी देते हुए प्राप्त करने की बात कही। इसके लिए सभी को प्रपत्र भरने, मतपेटिका सील करने, मतदान कराने व मतपत्रों का मिलाने की विधि विस्तार से समझायी
सीडीओ/प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक सान्या छाबड़ा ने कर्मियों को आयोग के निर्देशों की जानकारी देते हुए उनकी जिम्मेदारी बताई। आयोग की ओर जारी गाइडलाइन की भी जानकारी देते हुए कहा कि निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराना हम सभी का कर्तव्य है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।