जगदीशपुर (अमेठी)। चौराहे पर दुकान से घर का जरूरी सामान खरीदने साइकिल से जा रहे किशोर को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दिया। इलाज के लिए सीएचसी ले जाने पर चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पूरे साहब गांव के मजरे मंगौली निवासी निर्भय कुमार (15) मंगलवार शाम पांच बजे अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर साइकिल लेकर जा रहा था। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के हनुमानगंज मंगौली मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप के टक्कर लगने से गिरकर किशोर घायल हो गया।
पुलिस के मदद से उसे सीएचसी जगदीशपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जगदीशपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जाएंगा।
पांच साल पहले हुई थी पिता की मौत
चार भाइयों में तीसरे नंबर पर निर्भय कुमार था। दुर्घटना में ही पांच साल पहले इसी जगह पर पिता अच्छेलाल की भी मौत हुई थी। किशोर की मौत के बाद मां तारावती व नानी सीतापती का रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार किशोर मजदूरी करके घर की जिम्मेदारी उठाता था।