अमेठी सिटी। रामनगर स्थित मलिक मोहम्मद जायसी की मजार पर मवेशी की झाड़-फूंक कराने गई किशोरी से मौलवी ने छेड़छाड़ की। शोर मचाकर किसी तरह बची किशोरी ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन शिकायत करने मजार पर पहुंचे तो आरोपी ने अपने दो पुत्रों के साथ गालीगलौज करते हुए लाठी लेकर उन्हें दौड़ा लिया और जान से मारने की धमकी दी। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है।
किशोरी के पिता के मुताबिक मंगलवार शाम उनकी बेटी अपनी आठ वर्षीय रिश्तेदार के साथ मवेशी की झाड़-फूंक कराने मजार पर गई थी। वहां मौजूद मौलवी मोइनुद्दीन ने किशोरी के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी ने शोर मचाया तो लोगों को आता देख आरोपी ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद किशोरी घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी दी।
बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मजार पहुंचे। वहां मोइनुद्दीन से घटना के बारे में पूछा तो वह गालीगलौज करने लगा। आरोप है कि इसके बाद मोइनुद्दीन ने अपने दो पुत्रों के साथ लाठी लेकर किशोरी के पिता और अन्य परिजनों को दौड़ाया। साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।