बाजारशुकुल। पूरे लदई दुबे गांव निवासी मानसी (17) शनिवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे नीचे उतारते, इससे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सजीवन पासी ने बताया कि शनिवार को मानसी घर में अकेली थी। वह बेटे के साथ खेत गए थे। शाम को लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलकर देखा तो मानसी पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटकी थी। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मानसी की मौत से पिता सजीवन पासी और भाई राम मनोरथ का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि मानसी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी।