जगदीशपुर विद्यालय में कबड्डी में प्रदर्शन करती छात्राएं। स्रोत : स्कूल
अमेठी सिटी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत बृहस्पतिवार को जगदीशपुर स्थित विद्यालय में कबड्डी प्रतियोगिता के ट्रायल आयोजित किए गए। इसमें जगदीशपुर, बहादुरपुर और सिंहपुर विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में छात्राओं को टीम ए और टीम बी में विभाजित किया गया। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में रोमांचक खेल देखने को मिला। टीम ए ने बेहतर तालमेल और शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत दर्ज की। विजेता टीम में सेजल, साक्षी, मीना, सुनीता, कोमल, संगीता और निधि शामिल रहीं। जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने कहा, खेल गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।