अमेठी सिटी। ऑनलाइन हाजिरी व डिजिटाइजेशन का विरोध लगातार चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। शिक्षकों ने उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के बैनर तले कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया।
आठ जुलाई से लागू ऑनलाइन हाजिरी का शिक्षक संगठन विरोध कर रहे है। पहले दिन राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ व बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। शिक्षक शिक्षण कार्य करने के बाद अपराह्न तीन बजे जिला मुख्यालय पर इकट्ठा हुए। शिक्षक जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। विरोध प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिया।
ज्ञापन में अन्य विभागों के कर्मियों की तरह परिषदीय स्कूल के शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों को अर्ध दिवस का अवकाश देने, तीन दिन विलंब से उपस्थित होने की दशा में उनका एक आकस्मिक अवकाश समायोजित करने आदि मांगे रखी। इस मौके पर अब्दुल रशीद, जयराम कनौजिया, देवीशरण कनौजिया, डॉ. हदय प्रकाश सिंह व रमाकांत मौर्य आदि मौजूद रहे।