अमेठी सिटी। टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-128 दो लेन में है। अब यह हाईवे फोरलेन का होगा। क्षेत्रीय सांसद किशोरी लाल शर्मा ने इस सड़क पर लगने वाले जाम के चलते इसे फोरलेन में चौड़ीकरण का मुद्दा संसद में उठाया था। ऐसे में अब केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने 21 जुलाई को पत्र के माध्यम से इसकी पुष्टि की है। टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन बनने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग-128 को फोरलेन में तब्दील करने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। सांसद कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि अब इस मार्ग को फोरलेन में बदलने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सांसद ने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने तीन अप्रैल को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान पुरजोर तरीके से उठाया था।
इसके बाद मंत्रालय ने संज्ञान लेते हुए डीपीआर की प्रक्रिया आरंभ की। उन्होंने कहा कि यह फोरलेन हाईवे अमेठी सहित आसपास के जिलों के औद्योगिक विकास, व्यापार, शिक्षा व बेहतर कनेक्टिविटी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे हजारों का लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
पहले से ही किया जा रहा सुदृढ़ीकरण
टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग के सुदृढ़ीकरण का कार्य पहले से ही चल रहा है। अंबेडकरनगर के टांडा से सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा तक अलग-अलग जगहों पर डामरीकरण का कार्य हो रहा है। फिलहाल अभी सड़क बनने में लंबा समय लगेगा।