अमेठी। जिला मुख्यालय स्थित मैरिज लॉन में शुक्रवार को बसपा संस्थापक कांशीराम की 90वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बसपा नेताओं ने बाबा साहेब डॉॅ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के जीवन संघर्षों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके मिशन को पूरा करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि अयोध्या मंडल मुख्य प्रभारी सर्वेन्द्र आंबेडकर ने कहा कि बहुजन समाज को गुलामी और लाचारी की जिंदगी से बाहर निकालकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए कांशीराम ने अपना पूरा जीवन बीएसपी मूवमेंट को समर्पित कर दिया। कांशीराम के संदेश को बताते हुए कहा कि अगर नहीं बिकने वाला नेता चाहिए, तो नहीं बिकने वाला समाज तैयार करना होगा, लड़ाई बैलेट से करनी है, लेकिन तैयारी बुलेट की करनी है।
अध्यक्षता करते हुए मंडल के मुख्य प्रभारी रवि प्रकाश मौर्य ने कहा कि कांशीराम ने बिना हिंसा के बहुजन समाज को राजनीति और शासन प्रशासन में भागीदारी दिलाई। वरिष्ठ बसपा नेता मुइनुद्दीन खां उर्फ गामा ने कांशीराम के साथ संगठन के काम के संस्मरण सुनाए और कहा कि सरकार को कांशीराम को भारत रत्न देना चाहिए। बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती, संचालन करते हुए जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार, जिला प्रभारी राम अभिलाष बौद्ध, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश कमल, विधानसभा अध्यक्ष विजय गौतम, शिवराम , लक्ष्मण प्रसाद, महादेव मौर्य, केके आर्य, राम केवल सरोज आदि ने संबोधित किया। इस मौके पर जिला प्रभारी दिनेश गौतम, बबलू पांडेय, केपी सविता, हौसिला प्रसाद, विद्या प्रसाद, मोती लाल, श्रवण कुमार, राम सुमिरन लहरी, रामकरन, मोहन लाल, रामपाल बौद्ध, राम बोध सरोज, कुसुम राज, रामनाथ बौद्ध, सूर्य भान मौर्य आदि मौजूद रहे।