अमेठी सिटी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक का बुधवार को तबादला कर दिया गया। शासन की ओर से उन्हें मिर्जापुर का एसपी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी टी सर्वानन को अमेठी की कमान सौंपी गई है। टी सर्वानन वर्तमान में अभी पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में अपर उपायुक्त पुलिस के पद पर तैनात थे।
अपर्णा रजत कौशिक ने 22 दिसंबर 2024 को अमेठी जिले का कार्यभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने निगरानी और कार्रवाई के जरिये आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण किया। एक वर्ष से अधिक के कार्यकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और पुलिस प्रशासन की एक अलग पहचान बनाई।
उनके नेतृत्व में कई मामलों का सफल खुलासा हुआ, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी। 13 माह बाद अपर्णा रजत कौशिक का तबादला मिर्जापुर किया गया है। वहीं नए एसपी टी सर्वानन तेजतर्रार और ईमानदार छवि के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले वह वाराणसी समेत प्रदेश के कई बड़े महानगरों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रह चुके हैं। जिले में उनके आगमन से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।