अमेठी सिटी। आय प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में निलंबित गौरीगंज तहसील के लेखपाल अरुण कुमार त्रिपाठी को जांच के बाद शुक्रवार देर शाम बहाल कर दिया गया। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने निलंबन समाप्त करते हुए उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी। बहाली के बाद लेखपाल संघ ने भी हड़ताल खत्म कर दी और अतिरिक्त क्षेत्रों का प्रभार संभाल लिया।
हरदों हल्के में आय प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में अरुण त्रिपाठी के निलंबन के बाद बुधवार को लेखपालों में आक्रोश फैल गया था। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की गौरीगंज तहसील शाखा ने जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 42 लेखपाल क्षेत्रों का अतिरिक्त प्रभार छोड़कर हड़ताल शुरू की थी। संघ पदाधिकारियों का आरोप था कि अरुण त्रिपाठी को आरोप पत्र दिए बिना निलंबित किया गया। उनका कहना था कि संबंधित आय प्रमाणपत्र जांच के बाद नियमानुसार जारी हुआ था और उसमें कोई त्रुटि नहीं थी।
जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों का प्रभार संभाल लिया है। स्थानांतरित लेखपालों की समस्याओं को लेकर जल्द डीएम और एडीएम से मुलाकात की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि सभी लेखपालों ने अतिरिक्त क्षेत्रों का प्रभार संभालकर काम शुरू कर दिया है।