गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अस्पतालों में बंद की गई सभी सेवाओं में से आकस्मिक सेवा बहाल की गई थी। शासन ने अब सर्जिकल ओपीडी सेवा शुरू कराने का भी निर्देश दिया है। जिले में प्रशिक्षण प्राप्त 39 प्राइवेट तथा सरकारी अस्पतालों में यह सेवा शुरू करने का निर्देश दे दिया गया है।
जिले की सरकारी व 39 प्राइवेट अस्पतालों में सर्जिकल ओपीडी शुरू करने की अनुमति दे दी गई है। कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मार्च माह से ही सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में आकस्मिक सेवा को छोड़कर ओपीडी समेत अन्य सभी सेवाएं बंद कर दी गई थी।
इसके चलते कई लोगों के जरूरी ऑपरेशन लंबित चल रहे थे। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने डीएम व सीएमओ को भेजे पत्र में कहा है कि कोरोना संक्रमण के अभी चलते रहने की संभावना है ऐसे में जरूरी चिकित्सा सेवाओं को लंबे समय तक रोका नहीं जा सकता। उन्होंने सरकारी व निजी चिकित्सालयों में ऐसी सेवाओं को शुरू कराने का निर्देश दिया था। प्रमुख सचिव के आदेश पर जिले में सर्जिकल ओपीडी का निर्देश दे दिया गया है।
सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बीच प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा। सिर्फ वही अस्पताल संचालित हो सकेंगे जो इसके लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। कहा कि जिले में कुल 39 निजी अस्पतालों की ओर से प्रशिक्षण लिया गया है। कहा कि अब प्रसव, आंख, कान, नाक, गला व हड्डी आदि का ऑपरेशन हो सकेगा। सभी को इसके लिए निर्देश दे दिया गया है।