शाहगढ़ (अमेठी)। विकास खंड के पूरे हीरालाल पांडेय गांव में क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन चार टीमों के बीच मुकाबला हुआ। शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सूरज और अनुज मिश्र को मैन ऑफ द मैच के खिताब से सम्मानित किया गया।
पहला मैच माधवपुर गौरीगंज बनाम महाकाल-11 पूरबगांव की टीम के बीच हुआ। टॉस जीतकर माधवपुर गौरीगंज टीम ने बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। माधवपुर गौरीगंज टीम ने बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 102 रन बनाए। जवाब में उतरी महाकाल-11 पूरबगांव की टीम ने तीन विकेट खोकर नौ ओवर में जीत अपने नाम दर्ज की।
वहीं दूसरा मुकाबला उसमापुर कसरावां बनाम कश्यप स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कश्यप स्पोर्ट्स क्लब के खिलाड़ियों ने निर्धारित 12 ओवर में 140 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उसमापुर कसरावां टीम केवल 103 रन ही बन सकी। इस तरह कश्यप स्पोर्ट्स क्लब ने 37 रन से मैच जीत लिया। इस मौके पर दिव्यांशु पांडेय, विशाल सिंह, सतीश शुक्ला, रामराज सिंह, संजीव मिश्रा, पारसनाथ मिश्रा, राजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।