अमेठी सिटी। स्पेशल ट्रेन से वैष्णो देवी के सफर के लिए यात्रियों को 40 किलोमीटर का चक्कर काटना होगा। इसके लिए चाहे वह रायबरेली जाएं या फिर प्रतापगढ़। वैसे रेलवे ने लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर 21 अप्रैल से समर स्पेशल ट्रेन संचालन का निर्णय लिया है। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर गर्मी के छुट्टी में मां वैष्णो के दर्शन करने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन 23 अप्रैल से दो जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को को वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होकर प्रतापगढ़, रायबरेली होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से रवाना होने के बाद ट्रेन शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, युमनानगर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जलंधर कैट, पठानकोट, जम्मूतवी, ऊधमपुर होते हुए अगले दिन की शाम 11:25 बजे श्री माता वैष्णोदेवी कटरा पहुंचेगी।
21 अप्रैल से 30 जून तक यह ट्रेन की रात 11:45 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा से रवाना होकर अगले दिन को लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ होते हुए रात 11:55 बजे वाराणसी पहुंचेगी। ट्रेन में एसी प्रथम श्रेणी का एक कोच, एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के छह, स्लीपर के चार, व सामान्य श्रेणी के चार व पावर कार तथा एलएलआर का एक कोच होगा। ट्रेन में आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।
दर्शन में मिलेगी सहूलियत
ट्रैक पर संचालित अर्चना एक्सप्रेस में आरक्षित सीट बुक होने के साथ यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। दर्शन में लोगों को सुविधा हो, इसके लिए वाराणसी-श्री माता वैष्णो देवी समर स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यात्री टिकट बुक करवाते हुए ट्रेन से सुगमता पूर्वक यात्रा कर सकते हैं।
रेखा शर्मा- वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे