मुसाफिरखाना (अमेठी)। सड़क हादसे में जख्मी होकर सीएचसी आए सुल्तानपुर के युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना से अवगत कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के रवनिया पश्चिम गांव निवासी राजेश कुमार (32) पुत्र रामतेज बृहस्पतिवार की देर रात बाइक से कहीं जा रहा था। रवनिया बाजार में एक मोड़ के पास दूसरी बाइक सवार ने राजेश को टक्कर मार दी थी। वह डिवाइडर में टकरा कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे इलाज के लिए सीएचसी मुसाफिरखाना लाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।
मुसाफिरखाना पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को दी। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। एसओ राजेश कुमार का कहना है कि घटना स्थल सुल्तानपुर जिले का कुड़वार थाना क्षेत्र है। मृतक ने हेलमेट पहना था या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है।