जगदीशपुर (अमेठी)। स्थानीय ब्लॉक के सिंदुरवा गांव में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार रात करीब आठ बजे कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच शुक्रवार रात सुल्तानपुर टीम और सिंदुरवा टीम के बीच तीन सेट का हुआ। मैदान में उतरी सुल्तानपुर टीम के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर 25 -़18 के अंतर से पहला सेट जीत लिया।
वहीं दूसरा सेट सिंदुरवा टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर 25-20 के अंतर से मैच जीत कर बराबर हो गई। तीसरे सेट के मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। सुल्तानपुर टीम ने तीसरे सेट में कड़ी टक्कर देते हुए 25-22 अंक के अंतर से सिंदुरवा टीम को पराजित कर उद्घाटन मैच जीत लिया। सांसद ने खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि वे यहां भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल से आते रहे हैं, जिससे गांव के अधिकांश लोगों से परिचय होने से घर जैसा एहसास होता है। आयोजक मोहम्मद इशराक ने बताया कि तीन दिवसीय अंतरराज्यीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट विगत कई वर्षों से मरहूम राजा सिराज अहमद की स्मृति में होता चला आ रहा है।