अमेठी। बाजार शुकुल क्षेत्र के मूर्ति का पुरवा गांव में गुरुवार सुबह आम के पेड़ से गमछे के सहारे एक युवक का शव लटका मिला। शव देख लोगों ने सूचना तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जमीन से करीब 15 फीट ऊपर लटके शव को जेसीबी बुलाकर नीचे उतरवाया।
युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान सुरेश कुमार (24) निवासी बहुवा थाना मोहनगंज के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि सुरेश के बड़े भाई मुकेश की शादी मूर्ति पुरवा निवासी शांति के साथ हुई थी। मुकेश ने शांति को दो वर्ष पूर्व छोड़ दिया था। एसएचओ विश्वनाथ यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आशनाई का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।