अमेठी सिटी। जिले के शिक्षण संस्थाओं में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। शिक्षकों ने देश की आजादी में नेताजी के योगदान को विस्तार से बताया। बच्चों ने पेंटिंग, भाषण व स्लोगन प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को डीएम की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर बृहस्पतिवार को जिले के शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रमों की धूम रही। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि अंग्रेजी हुकूमत को देश से उखाड़ फेंकने के लिए नेता जी ने आजाद हिंद फौज का गठन किया। जिले के लगभग सभी विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों व राजनीतिक पार्टियों की ओर से नेता जी को याद किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। केंद्रीय विद्यालय बीएचईएल, जगदीशपुर में प्रबंधक नवीन कौल, नामित अध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुस्तक एक्जाम वारियर दी। इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज गौरीगंज में नेताजी की जयंती मनाई गई। इस दौरान प्राचार्य डॉ. दिनेश प्रसाद मिश्र, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. केके मिश्रा आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय भादर प्रथम में शिक्षक और बच्चों ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण किया। प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार, संकुल शिक्षक देवांशु सिंह आदि मौजूद रहे। अमेठी में सुभाष चंद्र बोस यूथ ब्रिगेड की तरफ से नेताजी की जयंती मनाई गई। इस दौरान गंगेश जयहिंद, यशोदा गुप्ता आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से गुंगवाछ में नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती मनाई गई। जिला प्रमुख डॉ. धनंजय सिंह, बाबा मनोहर सिंह, पवन कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। इन्हौंना के डॉ. प्रताप नारायण मिश्रा स्मारक इंटर काॅलेज राजाफत्तेपुर में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। विद्यालय प्रबंधक उपेंद्र मिश्रा, प्रधानाचार्य महेश तिवारी, उपेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।