अमेठी। भादर ब्लॉक के पीपरपुर में अरसा पूर्व से ठप पड़े विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। उपकेंद्र को निर्माण पूर्ण होने पर 28 से अधिक गांवों में रहने वालों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
स्थानीय विधायक गरिमा सिंह ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में भादर ब्लॉक के पीपरपुर में अरसा पूर्व से ठप पड़े 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र व पुलिस लाइंस के समीप रायपुर फुलवारी होते हुए हीरा सुनार के पुरवा तक बाईपास निर्माण का मुद्दा उठाया था। दोनों मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पत्र भेजकर निस्तारण कराने का निर्देश दिया था।
जिला प्रशासन का पत्र मिलने के बाद एसडीएम योगेंद्र सिंह ने उपकेंद्र निर्माण का निरीक्षण किया तो पता चला कि यहां चयनित भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा बाधा उत्पन्न की जा रही थी। इससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था।
एसडीएम ने उपकेंद्र के लिए चिन्हित भूमि की पैमाइश करा कर कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा था। एसडीएम ने बताया कि पुलिस लाइन के समीप से रायपुर फुलवारी होते हुए हीरा सुनार के पुरवा तक सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेजा गया है।