इन्हौंना (अमेठी)। शिवरतनगंज थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक की अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में उपनिरीक्षक तेजी से पीड़ित की तरफ बढ़ता है, लेकिन इसी बीच उसकी निगाह वीडियो बना रहे व्यक्ति पर पड़ जाती है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सेमरौता गांव निवासी मनु मिश्रा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा है कि शिवरतनगंज थाने के एक पुलिस उपनिरीक्षक ने शनिवार की शाम हनुमानगंज चौराहे पर चेकिंग लगा रखी थी। इस दौरान हेलमेट नहीं होने पर एक हजार रुपये का चालान काटने को कहा।
वहीं, चालान नहीं भरने के एवज में 500 रुपये घूस की मांग की। जब उन्होंने उपनिरीक्षक का नाम पूछा, तो वह मारने दौड़े और अभद्रता के साथ गालीगलौज किया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि ऐसे किसी वीडियो की जानकारी उन्हें नहीं है और न ही किसी ने कोई शिकायत की है। शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।