अमेठी। बेसिक शिक्षा विभाग ने तिलोई में बने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के विस्तार की योजना तैयार की है। अभी तक यहां पर आठवीं तक की ही पढ़ाई होती है। बालिकाओं को आवासीय सुविधा का लाभ देते हुए इंटरमीडिएट तक की शिक्षा दी जानी है। इसके लिए अलग से एकेडमिक ब्लॉक तैयार करने की योजना बनाई गई है। जिले में 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय संचालित है। इन स्कूलों में 1300 बालिकाएं पढ़ाई कर रही हैं। तिलोई स्थित विद्यालय के विस्तार के लिए अलग से एकेडमिक ब्लॉक बनाया जाना है। इसके लिए जमीन की खोज की प्रक्रिया चल रही है। एकेडमिक ब्लॉक निर्मित होने के बाद नौ से 12 तक का शिक्षण कार्य शुरू होगा तो पूर्व से निर्मित छात्रावास संचालित होने के बाद पंजीकृत छात्राओं को विभाग निशुल्क आवासीय व्यवस्था के साथ निशुल्क शिक्षा, पाठ्य पुस्तक व भोजन आदि मुहैया कराएगा। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि इससे बालिकाओं को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।