अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल 48 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार सोमवार को समाप्त हो जाएगा। 248 माध्यमिक विद्यालयों में अंकपत्र और प्रमाणपत्र का वितरण शुरू होगा। मूल अंकपत्र मिलने के बाद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश, छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक औपचारिकताएं पूरी करने में सुविधा मिलेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बोर्ड से अंकपत्र और प्रमाणपत्र पहुंच चुके हैं। जिले के 37 राजकीय, 25 अशासकीय सहायता प्राप्त और 186 मान्यता प्राप्त वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों से उनका वितरण कराया जाएगा। हाईस्कूल परीक्षा में 25,620 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 13,304 छात्र और 12,316 छात्राएं थीं। इंटरमीडिएट परीक्षा 22,713 विद्यार्थियों ने दी। इनमें 11,270 छात्र और 11,443 छात्राएं शामिल रहीं।
अंकपत्र मिलने के बाद इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थी स्नातक, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीएड समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। दस्तावेज सत्यापन और छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में भी आसानी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि बोर्ड से अंकपत्र और प्रमाणपत्र प्राप्त हो चुके हैं। सोमवार से संबंधित विद्यालयों के माध्यम से छात्र-छात्राओं में उनका वितरण शुरू कराया जाएगा।