जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में बच्चों के साथ भोजन करते डीएम संजय चौहान, एसपी सरवणन टी व डीआईओ
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता और कुछ शिक्षकों के व्यवहार को लेकर छात्र-छात्राओं ने विरोध जताया। मंगलवार रात विद्यार्थी विद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। बुधवार सुबह विद्यार्थी दोबारा विरोध करने लगे। इसके बाद डीएम संजय चौहान व एसपी सरवणन टी विद्यालय पहुंचे और बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
विद्यार्थियों ने बताया कि मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है। उन्होंने भोजन की जांच कराने और व्यवस्था में सुधार की मांग की। कुछ विद्यार्थियों ने शिक्षकों के व्यवहार को लेकर भी शिकायत की। उनका आरोप था कि कुछ शिक्षक उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं। विद्यार्थियों ने विद्यालय में भोजन, रहने और शिक्षक-छात्र व्यवहार से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार की मांग रखी।
बुधवार सुबह विरोध के दौरान प्रधानाचार्य पीके सिंह ने विद्यार्थियों से बातचीत की। बच्चों ने डीएम से मिलकर अपनी शिकायतें रखने की इच्छा जताई। प्रधानाचार्य ने इसकी जानकारी डीएम को दी। इसके बाद डीएम और एसपी विद्यालय पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने उनकी शिकायतें सुनने के बाद मेस और रसोई समेत विद्यालय के अन्य हिस्सों का निरीक्षण किया।
भोजन की गुणवत्ता भी परखी और छात्रों के साथ भोजन किया। डीएम ने विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद बच्चे शांत हुए और विद्यालय का माहौल सामान्य हो गया। प्रधानाचार्य पीके सिंह ने बताया कि विद्यालय में कोई गंभीर मामला नहीं है। कुछ बच्चों को गुमराह करने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षण कार्य समेत भोजन और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर हैं।