गौरीगंज (अमेठी)। इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा के केंद्रों के निर्धारण में नियमों की जमकर अनदेखी की गई है। बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र अधिकतम दा किलोमीटर दूर बनाए जाने का प्रावधान है। इसको नजरअंदाज कर इस बार कोई परीक्षा केंद्र 24 किलोमीटर दूर बनाया गया है तो कहीं तीस किलोमीटर की दूर तय कर बच्चों को परीक्षा देने जाना पड़ेगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर आयोजित होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के केंद्रों की अनंतिम सूची रविवार देर शाम जारी हुई। जारी सूची के मुताबिक जिले में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तहसीलवार केंद्रों के संख्या की बात करें तो अमेठी तहसील में 23, गौरीगंज में 17, मुसाफिरखाना में 28 व तिलोई में 22 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सूची सार्वजनिक होने के बाद केंद्र निर्धारण में बरती गई मनमानी सामने आने लगी है। मानकों की अनदेखी कर केंद्र का प्रस्तावित निर्धारण परीक्षार्थियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
भादर ब्लॉक के सोनारी कला में स्थित जीजीआईसी को गत वर्ष तक लगातार परीक्षा केंद्र बनाया गया। इस कॉलेज को अबकी बार केंद्र नहीं बनाया गया। ऐसे में इस कॉलेज में पढ़ने वाली हाईस्कूल की 161 छात्राओं का परीक्षा केंद्र गौरीगंज के सराय भागमानी स्थित राजीव गांधी साइंस कॉलेज को बनाया गया है। दोनों कॉलेजों के बीच की दूरी 24 किमी. से अधिक है। परीक्षा केंद्र निर्धारण में दूरी के साथ ब्लॉक, तहसील को भी दरकिनार कर दूसरी तहसील में केंद्र बनाया गया है।
इसी तरह विद्या निकेतन इंटर कॉलेज वारिसगंज के हाईस्कूल परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज होगा। इन दोनों कॉलेजों की भी आपस में दूरी करीब 30 किमी. है। मनमानी का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जिन 16 केंद्रों में पिछले साल शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न हुई उन्हें इस बार सूची से बाहर कर दिया गया है।
यह कॉलेज परीक्षा केंद्र की सूची से बाहर
गत वर्ष परीक्षा केंद्र रहे 16 कॉलेजों को इस वर्ष बोर्ड परीक्षा कराने की जिम्मेदारी नहीं मिली है। श्री मुकुटनाथ इंटर कॉलेज ताला, प्रमोद आलोक इंटर कॉलेज मंगलपुर अमेठी, जीजीआईसी सोनारी कला, त्रिभुवन सिंह इंटर कॉलेज त्रिसुंडी, श्री रणछोर इंटर कॉलेज टिकरी, एमए सिंह इंटर कॉलेज गोरखापुर विशेषरगंज को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। बाबूराम सिंह इंटर कॉलेज मऊ, गंगा बख्श इंटर कॉलेज अचलपुर, सर्वोदय साइंस कॉलेज जामो भी परीक्षा केंद्र बनने से वंचित रह गए। एमडी पब्लिक इंटर कॉलेज पूरे चितई, एमएलएसएन इंटर कॉलेज अगहर अमेठी, रामफेर मेमोरियल पब्लिक स्कूल पलिया पश्चिम जगदीशपुर को बोर्ड परीक्षा को बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। दुष्यंत सिंह भाले सुल्तान इंटर सैदपुर, पं. आरएएमएस इंटर कॉलेज महोना पूरब,, माताफेर पब्लिक इंटर कॉलेज पाली रोड शुकुल बाजार तथा राजा विश्वनाथ शरण इंटर कॉलेज तिलोई को केंद्र नहीं बनाया गया है।
आपत्ति के बाद होगा सुधार
बोर्ड परीक्षा केंद्र का निर्धारण ऑनलाइन अपलोड डेटा व अंकों के आधार पर हुआ है। अनंतिम सूची पर 14 दिसंबर तक ऑनलाइन आपत्ति/प्रत्यावेदन मांगा गया है। प्रत्यावेदन मिलने के बाद जांच कराकर मानक के अनुसार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जाएंगे। परीक्षार्थियों को बोर्ड परीक्षा में कोई असुविधा नहीं होगी। - उदय प्रकाश मिश्र, डीआईओएस