अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड परीक्षा में सोमवार को दो पाली में 985 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर गणित और जीव विज्ञान के सवालों में परीक्षार्थी उलझे रहे। हाईस्कूल संस्कृत और इंटर चित्रकला विषय के परीक्षार्थियों के चेहरे खिले दिखे।
सोमवार को पहली पाली में हाईस्कूल संस्कृत और इंटर जीव विज्ञान व गणित विषय की परीक्षा हुई। हाईस्कूल संस्कृत विषय में पंजीकृत 2762 परीक्षार्थियों में 2616 मौजूद रहे, जबकि 146 परीक्षा देने नहीं आए। इंटर जीव विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 9930 परीक्षार्थियों में 7462 शामिल हुए, जबकि 468 अनुपस्थित रहे।
इसी तरह इंटर गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 2468 परीक्षार्थियों में 2417 उपस्थित हुए, जबकि 51 अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल संस्कृत विषय की परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षा के अनुरूप ही रहा। सभी ने अच्छे अंक आने की उम्मीद जताई। दूसरी तरफ इंटर जीव विज्ञान व गणित विषय के परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र बेहद कठिन आया था। परीक्षा के बाद सभी एक-दूसरे से प्रश्नों के उत्तर को पूछते व मिलाते देखे गए।
सोमवार को दूसरी पाली में इंटर चित्रकला आलेखन, प्राविधिक और रंजन कला की परीक्षा हुई। चित्रकला आलेखन में पंजीकृत 5263 परीक्षार्थियों में 4968 शामिल हुए, जबकि 295 अनुपस्थित रहे। इसी तरह चित्रकला प्राविधिक में पंजीकृत 143 परीक्षार्थियों में 118 उपस्थित रहे, जबकि 25 ने परीक्षा छोड़ दी। डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि दो पाली में शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न हुई।