पीएम कंपोजिट विद्यालय भदैया महमूदपुर में परीक्षा देते बच्चे। -संवाद
अमेठी सिटी। परिषदीय स्कूलों में मंगलवार को वार्षिक परीक्षा की पहली पाली में कक्षा दो से आठ तक गणित और दूसरी पाली में कक्षा तीन से आठ तक संस्कृत और उर्दू की परीक्षा आयोजित की गई। संस्कृत का प्रश्न सरल आया, लेकिन बच्चों को गणित के सवालों को हल करने में कठिनाई हुई।
1573 परिषदीय विद्यालयों में 1.32 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। कंपोजिट विद्यालय हथकिला के छात्र दिनेश कुमार ने बताया कि गणित के सवाल कठिन आए थे। कई प्रश्न हल नहीं हो सके। वहीं दरखा विद्यालय के कक्षा आठ के छात्र विवेक ने बताया कि जो पाठ्यक्रम पढ़ाया गया है, उसी में से सवाल आए थे। कुछ सवाल ज्यादा कठिन आए थे, जिनको हल करने में समय ज्यादा लगा। छात्रा रेखा ने बताया कि पूरा पाठ्यक्रम पढ़ाया गया है। उसी से सवाल आए थे। ज्यादातर सवाल आसान रहे। एक दो सवालों को हल करने में थोड़ी परेशानी आई।
कंपोजिट विद्यालय भदैया महमूदपुर के छात्र विनोद ने बताया कि गणित और संस्कृत विषय का पूरा पाठ्यक्रम गुरुजी ने पढ़ाया है। कहा कि गणित में एक-दो प्रश्न को छोड़कर पूरा हल कर दिया। वहीं संस्कृत में कोई दिक्कत नहीं आई। दूसरी पाली में संस्कृत का प्रश्नपत्र बहुत सरल रहा। प्रधानाध्यापक राकेश तिवारी ने कहा कि बच्चों में परीक्षा को लेकर उत्साह है। बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति है। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि सभी परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं।