अमेठी। बारिश संग तेज हवाओं से बृहस्पतिवार शाम जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। तेज हवा से बिजली के खंभे टूट गए तो ट्रांसफार्मर गिर पड़े। इससे कई गांवों की बिजली गुल हो गई। तेज गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोग बेहाल हैं।
तेज हवा और बारिश के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी के बीच अंधेरे में डूबे गांवों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण डिस्चार्ज हो गए, तो वहीं पानी की भी किल्लत शुरू हो गई है। ऊर्जा निगम की टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। विभाग का दावा है कि खंभों और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कर जल्द आपूर्ति बहाल की जाएगी।
तेज हवा से भेटुआ पावर हाउस क्षेत्र में 19 खंभे टूट गए और ट्रांसफार्मर खंभों से नीचे आ गिरे। इससे सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई। अवर अभियंता दर्पण श्रीवास्तव ने बताया कि बद्री प्रसाद गुप्ता, मोहम्मद जहांगीर, घनश्याम, आदित्य कुमार, संतोष पांडेय सहित 12 कर्मचारियों की टीम विद्युत बहाली में जुटी है। पांच फीडर में से तीन को होल्ड पर रखा गया है, जबकि भरिया व टिकरी फीडर पर ट्रांसफार्मर गिर गए हैं, जिन्हें हाइड्रा की मदद से हटाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शाम तक आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
अधीक्षण अभियंता रविकांत ने कहा कि उन्हें किसी आपूर्ति बाधा की जानकारी नहीं है। जब ट्रांसफार्मर गिरने और खंभे टूटने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि एक्सईएन से रिपोर्ट नहीं मिली है। उनका यह गैर जिम्मेदाराना बयान विद्युत विभाग की तैयारियों और जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है।