अमेठी सिटी। बृहस्पतिवार को तिलोई, सिंहपुर व जायस के बहुउद्देशीय साधन सहकारी समितियों के सचिवों ने अपनी बेमियादी हड़ताल समाप्त कर दी है। जबकि, गौरीगंज के सहकारी समितियों के सचिवों ने आगे के आंदोलन की रणनीति बनाई है। सहकारी समिति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी सहकारी समितियों के सचिवों को वेतन दिया जाए। शुक्रवार को समिति सचित जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित सहकारिता कार्यालय में बैठक करेंगे। तभी आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
इधर, तिलोई, सिंहपुर व जायस में सचिवों की हड़ताल खत्म होने से बृहस्पतिवार को किसानों को यूरिया खाद मिली। समिति के तहसील अध्यक्ष रवि शंकर द्विवेदी ने बताया कि बुधवार को जिम्मेदार अधिकारियों ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। उसके बाद आंदोलित सचिव काम पर लौट आए हैं।